मशहूर शायर और गीतकार जावेद अख्तर को हाल ही में प्रतिष्ठित रिचर्ड डॉकिन्स अवार्ड 2020 से सम्मानित किया गया है। इस अवॉर्ड को पाने वाले वे पहले भारतीय बन गए हैं। फरहान अख्तर और जोया अख्तर ने पिता जावेद अख्तर को पुरस्कार के लिए बधाई दी है। इस पुरस्कार को साल 2003 से दिया जा रहा है, जो ब्रिटिश विकासवादी जीवविज्ञानी रिचर्ड डॉकिन्स के नाम पर है। बॉलीवुड गीतकार जावेद अख्तर हमेशा अपने बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहते हैं। अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के लिए एक खास नोट लिखा है। फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता जावेद अख्तर की तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने लिखा-'आलोचनात्मक सोच और मानवतावादी मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए रिचर्ड डॉकिन्स पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले भारतीय होने पर बधाई हो पा, आप बिल्कुल इसके पात्र हैं। आप पर बेहद गर्व है।'
फरहान अख्तर के पोस्ट पर कई सेलिब्रिटी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ऋतिक रोशन ने लिखा-'गजब, बहुत-बहुत बधाई।' वहीं निर्देशक जोया अख्तर ने इंस्टाग्राम अपने पिता जावेद अख्तर की तस्वीर शेयर कर लिखा-'मेरे डैड ने आलोचनात्मक सोच और मानवतावादी मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिष्ठित रिचर्ड डॉकिन्स अवॉर्ड 2020 जीता है। वे इस अवॉर्ड को जीतने वाले अब तक के अकेले भारतीय हैं। उनसे पहले बिल महर, स्टीफन फ्राई, रिकी गर्वाइस और क्रिस्टोफर हिचेन्स थे। डैड के लिए सुपर एक्साइटेड हूं।'
शबाना आजमी ने जोया के पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा-'इस खबर को सुनकर मैं उनके लिए बहुत रोमांचित हूं। जावेद लंबे समय से रिचर्ड डॉकिन्स के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं और यह जीत तर्कसंगत और आलोचनात्मक सोच के प्रति जावेद की दृढ़ता का मजबूत गवाह है। इससे पहले पत्नी शबाना आजमी ने भी जावेद अख्तर को बधाई दी है। शबाना आजमी ने इंस्टाग्राम पर लिखा-'महत्वपूर्ण सोच और मानवतावादी मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति से प्रतिष्ठित रिचर्ड डॉकिंस पुरस्कार 2020 जीतने के लिए बधाई जावेद अख्तर, अब तक के एकमात्र भारतीय जिसने जीते हैं। पिछले विजेताओं में बिल महर और क्रिस्टोफर हिचेन्स शामिल हैं। इससे बड़ा कुछ नहीं है।'
बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर, अभिनेत्री नंदिता दास, सोहा अली खान, नेहा धूपिया, अभिषेक बच्चन, सिद्धांत चतुर्वेदी, दीया मिर्जा जैसे कई सेलिब्रिटी ने जावेद अख्तर को पुरस्कार के लिए बधाई दी है। जावेद अख्तर कवि, गीतकार और पटकथा लेखक हैं। उन्होंने कई हिट फिल्मों की कहानी, पटकथा और संवाद लिखे हैं। जावेद अख्तर को कई अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनके गीतों के लिए उन्हें आठ बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 1999 में साहित्य के जगत में जावेद अख्तर के बहुमूल्य योगदान को देखते हुए उन्हें पदमश्री से नवाजा गया। 2007 में जावेद अख्तर को पदम भूषण सम्मान से नवाजा गया। जावेद अख्तर की पहली पत्नी हनी ईरानी है और उनके दो बच्चे फरहान अख्तर और जोया अख्तर है। फरहान अख्तर अभिनेता, निर्देशक-निर्माता हैं, जबकि जोया अख्तर निर्देशक और लेखक हैं। उनकी दूसरी पत्नी अभिनेत्री शबाना आजमी हैं।