बेटे के सुसाइड की खबर सुनकर टूट गए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता



मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की खबर पाकर पटना में रह रहे उनके पिता कृष्ण कुमार सिंह टूट से गए हैं। फोन पर सुशांत की मौत की खबर मिलने के बाद से उनका बुरा हाल है और वे बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं। सुशांत सिंह का अंतिम संस्कार मुम्बई में ही होगा, पिता कल मुम्बई के लिए रवाना होंगे।

सुशांत सिंह के पटना स्थित घर पर सुशांत के चचेरे भाई और सुपौल जिले के छातापुर से भाजपा विधायक नीरज सिंह उर्फ बबलू, लोकजन शक्ति पार्टी (लोजपा) से विधान पार्षद सदस्य उनकी भाभी नूतन सिंह, चाचा रामकिशोर सिंह, मनमोद कुमार सिंह, पन्ना सिंह व बबन सिंह सदमे में हैं। परिवार के आंसू नहीं रुक रहे। सुशांत के राजीवनगर स्थित आवास पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। इसीलिए घर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।सुशांत सिंह राजपूत का ननिहाल खगड़िया जिले के चौथम में हैं जहां उनके मामा विरेंद्र प्रताप सिंह रहते हैं।सुशांत सिंह राजपूत 2019 में 17 वर्ष के बाद अपने पैतृक गांव पूर्णिया के बड़हरा कोठी के मलडीहा आए थे।इसके बाद अपनी ननिहाल जाकर सुशांत ने यहां अपना मुंडन संस्कार करवाया था। सुशांत सिंह के मौत की खबर मीडिया के माध्यम से मिलते ही लोग स्तब्ध रह गये। पहली नजर में किसी को विश्वास नहीं हुआ।

सुशांत सिंह राजपूत का जन्म 21 जनवरी 1986 को हुआ था। उनकी एक बहन मिंटू सिंह क्रिकेटर हैं। सुशांत सिंह राजपूत की प्रारंभिक शिक्षा राजधानी पटना के सेंट कैरेंस स्कूल में हुई थी। 2002 में जब उनकी माता का निधन हुआ तो वे महज 16 साल के थे। मां के निधन होने के बाद सुशांत दिल्ली चले गए। दिल्ली में सुशांत ने हंसराज स्कूल से पढ़ाई की और डीसीई परीक्षा 2003 में पास की थी। इसके बाद दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नामांकन कराया था। सुशांत की खुदकुशी की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। सुशांत के बारे में बताया जाता है कि वे कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे।

सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सिरियल 'किस देश में है मेरा दिल' में बतौर कलाकार शुरू की थी लेकिन उन्हें पहचान एकता कपूर के धारावाहिक 'पवित्र रिश्ता' से मिली। वह फिल्म 'काय पो छे' में लीड एक्टर के तौर पर नजर आए थे और उनके अभिनय की तारीफ भी हुई थी। उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी का किरदार निभाकर बटोरी थी। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। उनकी आखिरी फिल्म केदारनाथ थी जिसमें वे सारा अली खान के साथ नजर आए थे। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि कल रात में कुछ दोस्त उनके साथ थे। 6 माह से वे डिप्रेशन में नजर आ रहे थे। उनका इलाज भी चल रहा था। जब देर सुबह तक वो बाहर नहीं निकले फिर उनके दोस्त ने दरवाजे को तोड़ा और पुलिस को जानकारी दी। 
Previous Post Next Post

.