हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी का नाम राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेजा है जबकि वंदना कटारिया,मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गये हैं। वहीं हॉकी इंडिया ने लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड ध्यानचंद अवार्ड के लिए पूर्व भारतीय खिलाड़ी डॉ आरपी सिंह और तुषार खांडेकर तथा द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए कोच बीजे करियप्पा और रोमेश पठानिया के नाम की सिफारिश की है। रानी की कप्तानी में ही भारत ने 2017 में महिला एशिया कप जीता और 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीता जीता था। उन्होंने एफआईएच ओलिंपिक क्वॉलिफायर 2019 में भारत के लिए विजयी गोल कर टोक्यो ओलिंपिक क्वॉलिफिकेशन दिलाया था।
रानी की कप्तानी में भारत एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर पहुंचा। वहीं वंदना ने भारत के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच जबकि मोनिका 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इन दोनो की ही हिरोशिमा में एफआईएच सीरीज फाइनल्स, टोक्यो-2020 ओलिंपिक टेस्ट टूर्नमेंट और भुवनेश्वर में ओलिंपिक क्वॉलिफायर में भारत की जीत की अहम भूमिका थी। वहीं भारतीय पुरूष टीम के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह का नाम भी अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है। उन्होंने भुवनेश्वर में एफआईएच सीरीज फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन किया था। ओलिंपिक टेस्ट टूर्नमेंट 2020 में उन्होंने मनप्रीत सिंह की जगह कप्तानी की थी। पिछले साल रूस में ओलिंपिक क्वॉलिफायर जीतने वाली भारतीय टीम का भी वह हिस्सा थे।