शाहकुंड के पचरुखी यूको बैंक मैनेजर किरण कुमारी (29) की मुरारपुर बायपास के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है। किरण पटना के दानापुर, सगुना मोड़, प्रगति नगर की रहने वाली थी। इनके पिता स्व. लाल मोहन सिंह एयर फ़ोर्स में थे। किरण अपने साथी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी संजू कुमार के साथ अकबरनगर स्थित यूको बैंक जा रही थी। संजू अकबरनगर ब्रांच में असिस्टेन्ट मैनेजर हैं। वहां से किरण ऑटो से शाहकुंड के पचरुखी जाने वाली थी। संजू के मुताबिक वे दोनों स्कूटी से सुबह 9.30 बजे के करीब बैंक के लिए निकले।
वे लोग बायपास होकर अकबरनगर जाने वाले थे। बायपास पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने उनकी स्कूटी में बगल से टक्कर मार दी। दोनों बीच सड़क पर गिर गए। उसने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन किरण बिना हेलमेट की थी। सड़क पर गिरने के बाद किरण बेहोश हो गयी, संजू ने किसी तरह उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) पहुंचाया। किंतु रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी थी।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किरण को मृत घोषित कर दिया। वे तिलकामांझी स्थित अपार्टमेंट में रहती थी। 15 जुलाई 2019 को किरण ने पचरुखी ब्रांच जॉइन किया था। वो एक अगस्त 2011 को नौकरी में आयी थीं। इसके पूर्व वे बक्सर स्थित यूको बैंक में असिस्टेन्ट मैनेजर के पद पर थीं। घटना की जानकारी पाकर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, बरारी इंचार्ज नवनीश कुमार, यूको बैंक के जोनल मैनेजर समेत काफी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मी अस्पताल पहुंचे हैं। परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। वे लोग भी भागलपुर के लिए निकल गए हैं।