राजस्थान के बूंदी जिले में एक महिला ने सर्पदंश के बाद ऐसी बहादुरी दिखाई कि उसे वक्त पर उपचार मिलने पर जान बच गई। सांप के काट लेने के बाद उसे पकड़कर वह अस्पताल पहुंच गई और चिकित्सकों से बोली कि इस सांप ने मुझे काट लिया मेरा उपचार कर दो। महिला के हाथ सांप देख न सिर्फ चिकित्सक हैरान रह गए बल्कि रास्ते में जिसने भी यह नजारा देखा वह हैरान रह गया।
जानकारी के मुताबिक बूंदी जिले के रघुनाथपुरा का गांव बरड़ा निवासी 50 सालों मनी बाई अपने बेटे सोनू मीणा के साथ गुरुवार सुबह तकरीबन दस बजे खेत में कार्य करने जा रही थी। रास्ते में अचानक एक सांप ने उसके पैर को डस लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी मगर वह घबराई नहीं और हिम्मत से काम लिया। सर्पदंश के बाद मां-बेटे ने सांप को पकड़ने के कोशशि किया तो वह कुछ दूर जाकर पत्थरों के बीच छुप गया।
मां-बेटे ने पत्थरों को हटाकर सांप को पकड़ लिया और फिर उसे कांच की एक बरनी में डालकर तालेड़ा के अस्पताल पहुंचे। महिला ने चिकित्सकों को बरनी में रखा सांप दिखाते हुए जल्द उपचार शुरू करने को कहा। इसके बाद वह अचेत हो गई। तालेड़ा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. बीएम मालव के मुताबिक महिला सांप के साथ अस्पताल आई थी। उसे सर्पदंश हुआ था। महिला को फौरन भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया, जिससे उसकी जान बच पाई है।