चकेरी के सनिगवां के दोहरे हत्याकांड से पुलिस ने अब जाकर 21वें दिन पर्दा उठा दिया। दरअसल, घर के अंदर नाती और उसकी परनानी की नृशंस हत्या कर दी गई थी और पुलिस को मुजरिम तक पहुंचने का कोई सुराग भी नहीं मिल रहा था। जांच में कडिय़ां मिला रही पुलिस असल अपराधी तक पहुंच ही गई। हालांकि, आरोपित की पत्नी को घटना की जानकारी थी लेकिन उसकी चुप्पी की वजह से पुलिस को सुराग मिलने में देरी लग गई।
जांच में मजदूर पर उभरा था उन लोगों का शक
पुलिस को कुछ दिन पहले ही एक मजदूर पर शक हुआ जो सनिगवां गांव में रहता था। घटना से कुछ दिन पहले उसे घर के आसपास मंडराता देखा गया था। उसकी मोबाइल लोकेशन भी घटनास्थल पर थी। वारदात के बाद से वह कुछ दिन के लिए यहां से गायब हो गया था। इधर जैसे ही वह सनिगवां में आया पुलिस ने उसे उठा लिया था।
चोरी के इरादे से घर में घुसे और फिर कर दिया हत्या
कड़ाई से पूछताछ में उसने कबूल कर लिया कि वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था। उस समय केवल वृद्धा अकेली थी जो कि सो रही थी उसने सोचा था कि आराम से चोरी कर भाग निकलेगा लेकिन सुजल उसी समय आ गया। जिसके बाद दोनों की हत्या करनी पड़ी। इसके बाद वह वहां से भाग निकला। इलाके में सन्नाटा होने से उसे किसी ने आते जाते नहीं देखा था। उसकी पत्नी को भी यह बात पता थी लेकिन वह भी यह राज दबाए थी। चकेरी पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा कर सकती है।