एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और आत्मसमर्पण करने थाने पहुंच गया। महिला की मौत की खबर सुनकर प्रेमी ने भी जहर निगल लिया। मामला पंजाब के अबोहर का है। गांव राजांवाली में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के अवैध संबंधों से तंग आकर कस्सी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हत्या की खबर सुनकर उसके प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना का पता चलते ही डीएसपी ग्रामीण संदीप सिंह ने थाना बहाववाला की पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयोग की गई कस्सी भी बरामद कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार करीब ममता (26) पुत्री कांशीराम निवासी गांव दौलतपुरा तहसील संगरिया जिला हनुमानगढ़ राजस्थान की शादी करीब 7 वर्ष पूर्व अबोहर के गांव राजांवाली निवासी विष्णु के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके घर एक बेटा और एक बेटी ने जन्म लिया।
विष्णु के भाई महेंद्र ने बताया कि ममता का पिछले कुछ समय से गांव के ही निवासी डेयरी संचालक सोनू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बारे में कई बार पंचायतें भी हुई। ममता अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी और इसी के चलते ममता व विष्णु में क्लेश रहता था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे जब ममता व उसके बच्चे में घर में सो रहे थे। इस दौरान विष्णु ने तेजधार कस्सी से ममता के गले पर तीन प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। करीब 3 बजे पड़ोसियों से घटना का पता चलते ही आसपास के लोग एकत्र हुए और मामले की सूचना थाना बहाववाला पुलिस को दी।इस पर थाना प्रभारी जसकार सिंह और डीएसपी देहाती संदीप सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया।
महेन्द्र ने बताया कि घटना के बाद विष्णु ने अपना गुनाह कबूल करते हुए खुद ही पुलिस को सरेंडर भी कर दिया। डीएसपी संदीप सिंह ने इसकी पुष्टि की। मृतका ममता के दो बच्चों में बेटा मोहित साढे़ 4 वर्ष का और बेटी मनीशा छह वर्ष की है। ममता की हत्या का समाचार सुन उसके प्रेमी युवक सोनू ने भी जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ते ही उसे अबोहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे श्री गंगानगर रेफर कर दिया गया।